देहरा में भाजपा की अहम बैठक सम्पन्न – 4 दिसंबर धर्मशाला के विशाल विरोध प्रदर्शन की रणनीति पर बनी सहमति

प्रदेश में बिगड़ती कानून-व्यवस्था पर बरसे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष बिंदल – "माफिया राज ने हिमाचल की शांति को तार-तार किया

देहरा में भाजपा की अहम बैठक सम्पन्न – 4 दिसंबर धर्मशाला के विशाल विरोध प्रदर्शन की रणनीति पर बनी सहमति

देहरा। भारतीय जनता पार्टी संगठनात्मक जिला देहरा की महत्वपूर्ण बैठक देहरा में आयोजित हुई, जिसकी अध्यक्षता भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। इस बैठक में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं विधायक सुलह विपिन सिंह परमार, पूर्व मंत्री एवं विधायक विक्रम सिंह ठाकुर, भाजपा प्रदेश प्रवक्ता त्रिलोक कपूर, भाजपा उपाध्यक्ष बिहारी शर्मा, देहरा भाजपा जिला अध्यक्ष अजय खट्टा, संगठन के वरिष्ठ नेता, विभिन्न पदाधिकारी तथा कार्यकर्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक में 4 दिसंबर को धर्मशाला के जोरावर सिंह स्टेडियम में होने वाले भाजपा के विशाल विरोध प्रदर्शन को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई। यह विरोध प्रदर्शन हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों और बदहाल कानून व्यवस्था के खिलाफ आयोजित किया जा रहा है। इसके साथ ही बैठक में कई अन्य महत्वपूर्ण संगठनात्मक विषयों पर भी गंभीर मंथन हुआ।

प्रदेश में कानून-व्यवस्था चौपट — बिंदल के संबोधन में कांग्रेस सरकार पर तीखे प्रहार

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि कांग्रेस सरकार की नाकामयाबियों और बेकाबू होती कानून-व्यवस्था के विरोध में भाजपा का यह प्रदर्शन ऐतिहासिक और जोरदार होगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार हो रही फायरिंग की घटनाओं ने जनता को भयभीत कर दिया है।

"कभी ऊना में फायरिंग होती है, कभी हरौली में, कभी बद्दी-बरोला में, तो कभी नालागढ़ में… ये घटनाएं सामान्य नहीं हैं, बल्कि माफिया राज की देन हैं।"

डॉ. बिंदल ने प्रदेश में सक्रिय विभिन्न माफिया तंत्रों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि—"बद्दी में कबाड़ माफिया की फायरिंग हो, या खनन माफिया के बीच वर्चस्व की जंग—हर जगह अपराधियों के हौसले बुलंद हैं।" "एक सब-डिविजनल मजिस्ट्रेट तक को दौड़ाकर पीटा गया—यह हिमाचल की परंपरागत शांत संस्कृति के लिए अत्यंत चिंताजनक है।" उन्होंने कहा कि 2023 से लगातार ड्रग माफिया, चिट्टा गिरोह और अन्य आपराधिक तत्वों के बढ़ते कदम यह साबित करते हैं कि सरकार पूरी तरह विफल हो चुकी है। "संस्थान बंद हो रहे हैं, झूठ पर आधारित राजनीति हावी है और कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है—यह हिमाचल की आत्मा पर आघात है।"

4 दिसंबर को सरकार के खिलाफ ऐतिहासिक प्रदर्शन – 'उखाड़ फेंकने का संकल्प'

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने घोषणा की कि इन सभी गंभीर मुद्दों को लेकर भारतीय जनता पार्टी 4 दिसंबर को धर्मशाला में विशाल विरोध प्रदर्शन करेगी।

उन्होंने कहा "यह प्रदर्शन सरकार को चेतावनी भी होगा और जनता के हितों की रक्षा का संकल्प भी। हिमाचल की शांति, संस्कृति और कानून व्यवस्था को बचाने के लिए भाजपा निर्णायक लड़ाई लड़ेगी।" बैठक में उपस्थित सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस विरोध प्रदर्शन को सफल बनाने के लिए संकल्प लिया और प्रदेशभर के लोगों से इसमें व्यापक सहभागिता की अपील की।


Bijender Sharma*, Press Correspondent Bohan Dehra Road  JAWALAMUKHI-176031, Kangra HP(INDIA)*
  8219437658 Mobile
whatsaap  9805617366




BIJENDER SHARMA

हि‍माचल प्रदेश का समाचार पोर्टल

एक टिप्पणी भेजें

Thanks For Your Visit

और नया पुराने