लोकतंत्र नहीं, कांग्रेस की विपक्ष की कुर्सी खतरे में, जनता देगी करारा जवाब : डॉ. राजीव बिंदल

लोकतंत्र नहीं, कांग्रेस की विपक्ष की कुर्सी खतरे में, जनता देगी करारा जवाब : डॉ. राजीव बिंदल

चिंतपूर्णी, 2 नवंबर 2026। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने माता चिंतपूर्णी में आयोजित भाजपा आईटी सेल की प्रदेश कार्यसमिति बैठक को संबोधित करते हुए कांग्रेस और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश में लोकतंत्र खतरे में होने का भ्रम फैला रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि आने वाले समय में कांग्रेस की विपक्ष की कुर्सी भी खतरे में पड़ने वाली है।

डॉ. बिंदल ने कहा, "लोकतंत्र खतरे में नहीं है, कांग्रेस की विपक्ष की कुर्सी खतरे में है। देश की जनता आपकी नकारात्मक राजनीति को पहचान चुकी है और आने वाले समय में आपको विपक्ष में बैठने लायक भी नहीं छोड़ेगी।"

बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिव प्रकाश विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने आईटी सेल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया। इस दौरान पूर्व मंत्री एवं विधायक विक्रम ठाकुर, प्रदेश संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, भाजपा आईटी सेल प्रदेश संयोजक अनिल डडवाल, दिल्ली के आईटी प्रमुख पुनीत अग्रवाल सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

संवैधानिक संस्थाओं पर हमले कर रही कांग्रेस : बिंदल

डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और उसके सहयोगी दल चुनावी पराजय से निराश होकर देश की संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ईवीएम और निर्वाचन आयोग के विरुद्ध राजनीतिक अभियान चलाकर कांग्रेस जनता में अविश्वास पैदा करने का प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि देश की लगभग 140 करोड़ जनता कांग्रेस की राजनीतिक मंशा को पहचान चुकी है। लोकतंत्र में जनादेश का सम्मान करना प्रत्येक राजनीतिक दल का कर्तव्य है।

डॉ. बिंदल ने कहा कि कांग्रेस वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव अपनी सरकार की विफलताओं, भ्रष्टाचार के आरोपों और जनता के असंतोष के कारण हारी थी। उस समय देश आतंकवादी घटनाओं, घोटालों, महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं की निराशा और किसानों की समस्याओं जैसी चुनौतियों का सामना कर रहा था।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने इन कारणों का आत्ममंथन करने के बजाय अपनी पराजय के लिए ईवीएम को जिम्मेदार ठहराना शुरू कर दिया।

बूथ स्तर तक कांग्रेस की विफलताएं उजागर करेगा आईटी सेल

डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा का आईटी सेल संगठन की महत्वपूर्ण शक्ति है। डिजिटल माध्यमों से केंद्र सरकार की उपलब्धियों, संगठनात्मक गतिविधियों और जनहित के विषयों को प्रभावी ढंग से जनता तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिव प्रकाश के मार्गदर्शन में आईटी कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक सक्रिय करने और प्रदेश की कांग्रेस सरकार की कथित विफलताओं को जनता के सामने रखने की रणनीति पर विस्तृत चर्चा हुई।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे तथ्यात्मक जानकारी, सकारात्मक संवाद और प्रभावी डिजिटल संचार के माध्यम से संगठन को मजबूत करें।

डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार की चुनावी गारंटियों, बेरोजगारी, महंगाई और विकास कार्यों की स्थिति पर भाजपा निरंतर सवाल उठाएगी।

उन्होंने कहा कि आईटी सेल का प्रत्येक कार्यकर्ता डिजिटल माध्यम से संगठन और जनता के बीच मजबूत सेतु बनेगा तथा वर्ष 2027 में प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने के संकल्प को सशक्त करेगा।


Bijender Sharma*, Press Correspondent Bohan Dehra Road  JAWALAMUKHI-176031, Kangra HP(INDIA)*
  8219437658 Mobile
whatsaap  9805617366




Uploaded Image
BIJENDER SHARMA

हि‍माचल प्रदेश का समाचार पोर्टल

एक टिप्पणी भेजें

Thanks For Your Visit

और नया पुराने