वेद धारा ग्लोबल स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया “हिम लोक संस्कृति महोत्सव 2026”

वेद धारा ग्लोबल स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया "हिम लोक संस्कृति महोत्सव 2026"
लोकसंस्कृति, कला और परंपरा का जीवंत संगम
धनोट | देवभूमि हिमाचल की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को संजोने एवं भावी पीढ़ी तक पहुँचाने के उद्देश्य से वेद धारा ग्लोबल स्कूल, धनोट में हिमाचल दिवस के अवसर पर "हिम लोक संस्कृति महोत्सव 2026" का भव्य एवं यादगार आयोजन किया गया।

महोत्सव का शुभारंभ कला के क्षेत्र में पद्मश्री से सम्मानित, हिमाचल के गौरव श्री करतार सिंह सोंखले जी द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। उनके साथ मंच पर श्री रमन शर्मा जी, अजय डोगरा जी, श्रीमति निगम शर्मा जी सहित विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज जोशी एवं महोत्सव के संचालक डा सुरेश शर्मा  उपस्थित रहे। कार्यक्रम के आरंभ होते ही विद्यालय परिसर लोकसंस्कृति के रंगों में रंग गया।

महोत्सव में संगीत एवं गायन के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए हिमाचल के प्रसिद्ध लोक गायक श्री करनैल राणा जी एवं श्रीमती गीता भारद्वाज जी को "हिम लोक संस्कृति सम्मान 2026" से सम्मानित किया गया।

दोनों कलाकारों की मनमोहक हिमाचली गायन प्रस्तुतियों ने समूचे वातावरण को भावविभोर कर दिया। उनके गीतों पर बच्चे, अभिभावक एवं दर्शक सभी झूम उठे, और पूरा विद्यालय परिसर सुमधुर धुनों की गूंज से भर गया।
महोत्सव में विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत हिमाचली लोकनृत्य ने सभी का मन मोह लिया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे बच्चों की नृत्य प्रस्तुतियाँ दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण रहीं और उन्होंने हिमाचल की लोकसंस्कृति को सजीव रूप में प्रस्तुत किया। फाइन आर्ट्स कॉलेज शिमला में असिस्टेंट प्रोफ़ेसर पवन कुमार और उनके पुत्र अविरल ने कथक की प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया।

इस आयोजन की एक विशेषता अभिभावकों द्वारा आयोजित प्रदर्शनी रही  स्वयं विभिन्न पारंपरिक हिमाचली स्टॉल लगाए, जिनमें हिमाचल की पारंपरिक पाक-कला, हस्तशिल्प, लोक परिधान एवं सांस्कृतिक वस्तुओं का प्रदर्शन किया गया। इससे बच्चों के साथ-साथ आमजन को भी हिमाचल की समृद्ध परंपराओं से रूबरू होने का अवसर मिला।

कार्यक्रम का प्रभावी एवं गरिमामय मंच संचालन डॉ. सुरेश शर्मा जी द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया। इस अवसर पर डा हेमराज़ चंदेल, प्रोफेसर फाइन आर्ट्स कॉलेज भी मौजूद रहे।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री मनोज जोशी जी ने सभी अतिथियों, कलाकारों, अभिभावकों, प्रतिभागियों एवं दर्शकों का हृदय से आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों में अपनी संस्कृति के प्रति गर्व और सम्मान की भावना विकसित करते हैं।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि "हिम लोक संस्कृति महोत्सव" के माध्यम से वेद धारा ग्लोबल स्कूल संस्कृति को केवल पढ़ाने तक सीमित नहीं, बल्कि उसे जीने और मनाने का प्रयास कर रहा है।
BIJENDER SHARMA

हि‍माचल प्रदेश का समाचार पोर्टल

एक टिप्पणी भेजें

Thanks For Your Visit

और नया पुराने