देश के प्रथम परमवीर चक्र विजेता मेजर सोमनाथ शर्मा को दी श्रद्धांजलि
विधायक आशीष बुटेल सहित विभिन्न लोगों ने शहीद की प्रतिमा के सामने श्रद्धासुमन किए अर्पित
पालमपुर, 31 जनवरी
हिमाचल प्रदेश के महान सपूत और देश के प्रथम परमवीर चक्र विजेता मेजर सोमनाथ शर्मा की जयंती के अवसर पर आज पालमपुर में उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। विधायक आशीष बुटेल ने शहीद मेजर सोमनाथ शर्मा की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से उन्हें नमन किया। उनके साथ शहीद मेजर सोमनाथ शर्मा की भतीजी राधिका शौनिक ने अपने पूर्वज की वीरता को स्मरण करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए।
विधायक आशीष बुटेल ने कहा कि मेजर सोमनाथ शर्मा का सर्वोच्च बलिदान न केवल पालमपुर और हिमाचल प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि भावी पीढ़ियों को उनके अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेनी चाहिए।
इस दौरान स्थानीय नगर निगम के महापौर गोपाल नाग और उप महापौर राज कुमार, पार्षदों ने भी शहीद को अपनी श्रद्धांजलि दी और शहर की धरोहर के रूप में उनकी स्मृति को अक्षुण्ण बनाए रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
प्रशासनिक स्तर पर नगर निगम की आयुक्त नेत्रा मेती, एसडीएम पालमपुर डॉ. ओपी यादव और तहसीलदार साजन बग्गा ने भी वीर सेनानी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी ने मेजर सोमनाथ शर्मा के अदम्य साहस को याद किया, जिन्होंने 1947 के भारत-पाक युद्ध में श्रीनगर हवाई अड्डे की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति दी थी।