हिमाचल में “यारां दी सरकार” चला रही कांग्रेस, जनता पर चढ़ाया ₹1.12 लाख करोड़ से अधिक का कर्ज : अनुराग ठाकुर
मुख्यमंत्री सोलन में पानी के टैरिफ और कैबिनेट निर्णयों पर भी बोल रहे झूठ : भाजपा
बघाट बैंक घोटाले के दोषियों पर अब तक कार्रवाई नहीं, गरीब जमाकर्ताओं के साथ विश्वासघात : अनुराग ठाकुर
सोलन नगर निगम के हर वार्ड के लिए ₹1 करोड़ स्वीकृत, फिर भी विकास कार्य ठप : भाजपा
सोलन में कमल खिलना तय, कांग्रेस सरकार को जनता देगी जवाब : अनुराग सिंह ठाकुर
सोलन, 15 मई 2026।
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने आज सोलन के कांगड़ा-हमीरपुर मैत्री सभा भवन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला और नगर निगम चुनावों में भाजपा को भारी बहुमत से विजयी बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में वर्तमान कांग्रेस सरकार “यारां दी सरकार” बन चुकी है, जहां जनता के हितों के बजाय मित्रों और करीबी लोगों को लाभ पहुंचाने की राजनीति हो रही है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस की गलत नीतियों और आर्थिक कुप्रबंधन के कारण आज हिमाचल प्रदेश पर ₹1,12,319 करोड़ से अधिक का कर्ज चढ़ चुका है। उन्होंने कहा कि मात्र तीन वर्षों में एक छोटे से पहाड़ी राज्य को इतनी बड़ी आर्थिक बदहाली में पहुंचाना कांग्रेस सरकार की सबसे बड़ी विफलता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में आने से पहले महिलाओं को ₹1500 प्रतिमाह देने, ग्रामीण क्षेत्रों में ₹100 प्रति लीटर दूध खरीदने, युवाओं को रोजगार देने और विकास की बड़ी-बड़ी गारंटियां दी थीं, लेकिन आज तक एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार भ्रष्टाचार में पूरी तरह डूबी हुई है और प्रदेश भर में कांग्रेस नेताओं के खिलाफ चार्जशीट और विजिलेंस जांचें चल रही हैं।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि इन नगर निगम चुनावों में जनता के पास एक बड़ा अवसर है कि वह “सोई हुई सरकार” को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब दे। उन्होंने कहा कि सोलन नगर निगम में भाजपा की जीत के साथ सोलन को हिमाचल का सबसे स्वच्छ, सुरक्षित, हरित और स्मार्ट शहर बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्येक वार्ड में आधुनिक घर-घर कूड़ा संग्रहण व्यवस्था लागू करेगी, वैज्ञानिक वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट स्थापित करेगी तथा कूड़ा उठान व्यवस्था की डिजिटल मॉनिटरिंग सुनिश्चित करेगी। हर वार्ड में सफाई कर्मचारियों की संख्या बढ़ाई जाएगी और शहर में स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कहा कि भाजपा हर घर तक स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल पहुंचाने के लिए कार्य करेगी और नियमित तथा समयबद्ध जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। शहर में नई सीवरेज लाइनों का विस्तार और पुरानी व्यवस्था में व्यापक सुधार किए जाएंगे।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि लगभग दो महीने पहले कैबिनेट बैठक में सोलन नगर निगम के प्रत्येक वार्ड के लिए ₹1 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई थी, लेकिन कांग्रेस सरकार अब तक जमीन पर कोई कार्य शुरू नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि सरकार केवल घोषणाएं कर रही है जबकि विकास पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है।
उन्होंने बघाट बैंक वित्तीय घोटाले का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गरीब जमाकर्ताओं को ठगने वालों के खिलाफ आज तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि 8 अक्टूबर 2025 को RBI द्वारा प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद उन अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई जिन्होंने असुरक्षित ऋण देकर बैंक को संकट में डाला। अनुराग ठाकुर ने कहा कि भाजपा ऐसे अधिकारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की जांच करवाएगी जिन्होंने गरीब लोगों की मेहनत की कमाई को खतरे में डाला।
उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने आज सोलन में दावा किया कि पानी का टैरिफ ₹13 प्रति 100 लीटर कर दिया गया है, जबकि यह तथ्यात्मक रूप से गलत और भ्रामक बयान है।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि अगस्त 2025 में कैबिनेट ने सोलन नगर निगम की जल वितरण व्यवस्था को जल शक्ति विभाग को हस्तांतरित करने का निर्णय लिया था, लेकिन आज तक वह निर्णय लागू नहीं किया गया। इसके विपरीत सितंबर 2024 से जल शक्ति विभाग द्वारा पानी की दरें बढ़ाकर ₹100 प्रति किलोलीटर कर दी गईं, जिसके कारण नगर निगम पर लगभग ₹149 करोड़ की भारी देनदारी आ गई।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री केवल झूठ बोलकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं और अब स्थिति यह है कि सरकार अपने ही कैबिनेट निर्णयों पर भी सत्य नहीं बोल रही। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने विकास, पारदर्शिता और सुशासन के बजाय केवल भ्रम, भ्रष्टाचार और झूठी गारंटियों की राजनीति की है।
अनुराग ठाकुर ने विश्वास जताया कि सोलन की जनता अब पूरी तरह कांग्रेस सरकार से निराश हो चुकी है और नगर निगम चुनावों में भाजपा के पक्ष में निर्णायक जनादेश देगी। उन्होंने कहा कि जहां भाजपा है, वहीं विकास, पारदर्शिता और जनहित की राजनीति है, इसलिए सोलन नगर निगम में कमल खिलना तय है।
Bijender Sharma*, Press Correspondent Bohan Dehra Road JAWALAMUKHI-176031, Kangra HP(INDIA)*
8219437658 Mobile
8219437658 Mobile
whatsaap 9805617366