कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में भाजपा के सत्तासीन होते ही भ्रष्टाचार व भाई-भतीजावाद को बढ़ावा मिला

कुल्लू, 1 दिसंबर । प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनने पर परवाणु या बद्दी-बरोटीवाला में एक बड़ी आधुनिक सब्जी मण्डी का निर्माण किया जाएगा ताकि प्रदेश के किसान व बागवान अपने उत्पाद उस मण्डी में बेच सकें और उन्हें बिचौलियों से छुटकारा मिल सके। यह बात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कौल सिंह ठाकुर ने कुल्लू में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने पर कांग्रेस पार्टी प्रदेश में मनरेगा की तर्ज पर एक योजना हर गांव-गांव में शुरू करेगी और पढ़े-लिखे युवाओं को 100 दिन का रोजगार देगी।

कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में भाजपा के सत्तासीन होते ही भ्रष्टाचार व भाई-भतीजावाद को बढ़ावा मिला है। भाजपा ने गरीब के पेट पर लात मारी है। आज भाजपा का ही गरीब कार्यकर्ता अपनी पार्टी की नीतियों से परेशान है। भाजपा ने 35 फीसदी बस किराया बढ़ाया, 40 फीसदी बिजली के दामों में बढ़ोतरी व 33 फीसदी पानी के बिल बढ़ाकर गरीब जनता के साथ कुठाराघात किया है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार का पर्याय बन चुकी भाजपा को प्रदेश की सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाना है

जिसकी शुरुआत इन पंचायती राज चुनावों से होगी। प्रदेश में होने जा रहे पंचायती राज संस्थाओं और शहरी निकायों के चुनाव में भाजपा को अपनी औकात का पता चल जाएगा। उन्होंने पार्टी नेताओं को तमाम मतभेद भुलाकर एकजुट हो चुनावी मैदान में उतरने का संकल्प दिया।
कौल सिंह ने कहा कि पंचायत चुनावों में पार्टी एक पद पर एक उम्मीदवार उतारेगी, जिसे भी टिकट मिलेगा वही चुनाव लड़ेगा। शहरी निकायों में अगर चुनाव पार्टी सिंबल पर होता है तो जिला कांग्रेस कमेटी जिसे टिकट देगी वही चुनाव लड़ेगा, अगर पार्टी का कोई व्यक्ति आजाद चुनाव लड़ता है तो उसे पार्टी से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर प्रहार करते हुए कहा कि धूमल सरकार ने 7 हजार हैक्टेयर भूमि गैर हिमाचलियों को दी है। भू-माफिया आज पूरे प्रदेश में हावी हो गया है। धूमल सरकार द्वारा शुरू की गई अटल बिजली बचत योजना के तहत बाटे गए सीएफएल बल्बों में 82 करोड़ रुपए का घोटाला किया गया है। कांग्रेस इसकी तह तक जाकर जांच करवाएगी।
कौल सिंह ने कहा कि कांग्रेस एक रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाती है। कांग्रेस पार्टी में मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई प्रश्न ही नहीं है इसका फैसला कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ही करेंगी। इससे पूर्व कांग्रेस पार्टी का दूसरी बार प्रदेशाध्यक्ष बनने पर कुल्लू आगमन पर बजौरा से लेकर कुल्लू तक भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर पूर्व मंत्री राजकृष्ण गौड़, जिला अध्यक्ष बुद्धि सिंह ठाकुर, पूर्व विधायक रघुवीर सिंह ठाकुर, कमला शर्मा, देवेंद्र नेगी, नगर परिषद अध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

BIJENDER SHARMA

हि‍माचल प्रदेश का समाचार पोर्टल

1 टिप्पणियाँ

Thanks For Your Visit

  1. सभी एक ही थाली के चट्टे बट्टे हैं। सत्ता मे आते ही सब ऐसे बन जाते हैं। भाषणबाजी तो विपक्ष का धर्म है जब भाजपा आयेगी तो दोगुणी आवाज मे यही दोहरायेगी। आभार।

    जवाब देंहटाएं
और नया पुराने