कांगड़ा के नूरपुर में आयोजित ‘प्रशासन जनता के द्वार पर’ कार्यक्रम में एक विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए





बिजेन्दर षर्मा नूरपुर 3 फरवरी...मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि राज्य सरकार ने ग्राम स्तर पर तैनात सरकारी कर्मचारियों, पंचायत सचिवों, पंचायत सहायकों तथा पटवारियों को यह निर्देश जारी किए हैं कि वे कार्य दिवसों पर अपने कार्यालय समय में आम जनता के लिए उपलब्ध रहें ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान में किसी परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था की स्थिति को हर हाल में सुनिश्चित बनाया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने यह जानकारी जिला कांगड़ा के नूरपुर में आयोजित ‘प्रशासन जनता के द्वार पर’ कार्यक्रम में एक विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए दी। इससे पूर्व उन्होंने राजकीय आर्यन डिग्री कालेज नूरपुर में 105 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित विज्ञान खण्ड भवन तथा खजियां में 175 लाख रुपये की लागत से निर्मित गौ सदन का लोकार्पण किया। यहां अतिरिक्त रुप से आवारा छोड़ी गई 50 गाय को रखा जाएगा।

प्रो. धूमल ने कहा कि ‘प्रशासन जनता के द्वार पर’ कार्यक्रम इसीलिए आरम्भ किया गया है ताकि लोगों की समस्याओं का निराकरण उनके घरद्वार के समीप सुनिश्चित बनाया जा सके। इस कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के सभी प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की उचित समस्याएं त्वरित सुलझाने के प्रयास किए जाएंगे और लम्बित पड़ी मांगों को तय समय सीमा के भीतर सुलझाया जाएगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों के पैसे तथा समय की बचत करने में सहायता मिली है। पहले लोगों को अपना समय तथा धन जिला एवं राज्य मुख्यालय तक पहुंचने के लिए व्यय करना पड़ता था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि लोग घरेलू पशुओं को खुले में छोड़ देते हैं, जो कि हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के विपरीत है। राज्य सरकार समाज सेवा से जुड़ी विभिन्न संस्थाओं तथा स्वयंसेवी संस्थाओं को अधिक से अधिक गौ सदनों के निर्माण के साथ जोड़ रही है ताकि आवारा गायों को वहां रखा जा सके। उन्होंने कहा कि इस नये गौ सदन के निर्माण से 500 और गाय यहां रखी जाएंगी। राज्य के अन्य गौ सदनों में भी और अधिक सुविधाएं सृजित की जा रही हैं ताकि सभी आवारा गायों को वहां रखा जा सके।

प्रो. धूमल ने कहा कि राज्य सरकार ने प्रदेश के विभिन्न भागों में अटल स्वास्थ्य सेवा योजना आरम्भ की है ताकि लोगों को निःशुल्क रूप से त्वरित एम्बूलेंस सेवा प्राप्त हो सके। इस सेवा का लाभ उठाने के लिए निःशुल्क दूरभाष संख्या 108 पर सम्पर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि महान दृष्टा और भारत के पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्म दिवस के अवसर पर 50 एम्बूलेंस को इस सेवा के तहत रवाना किया गया। योजना के तहत राज्य के विभिन्न भागों में 108 एम्बूलेंस

एम्बूलेंस सेवा उपलब्ध रहेगी और आपातकालीन स्थिितियों में रोगियों को शीघ्र अस्पताल तक पहुंचाएंगी। उन्होंने कहा कि यह सेवा लोगों में लोकप्रिय हो रही है। उन्होंने लोगों को आगाह किया कि वे इस सेवा का दुरूपयोग न करें, क्योंकि इससे कई रोगियों का जीवन खतरे में पड़ सकता है। राज्य सरकार बी.पी.एल. परिवारों को 38 जीवन रक्षक दवाइयां राज्य स्वास्थ्य संस्थानों से निःशुल्क उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को निःशुल्क डैंचर सुविधा प्रदान करने के लिए ‘मुस्कान’ नामक योजना भी आरम्भ की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने ग्राम स्तर पर कार्यरत कर्मचारियों तथा पटवारियों को यह निर्देश दिए हैं कि वे प्रत्येक सोमवार, बुधवार तथा शुक्रवार को अपने कार्यालयों में आम जनता के लिए उपलब्ध रहें। पंचायत सचिवों एवं पंचायत सहायकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे कार्यालय समय में आम जनता के लिए उपलब्ध रहें तथा पुलिस प्रशासन को यह निर्देश दिए गए हैं कि वे उनके पास आने वाले व्यक्तियों की समस्या आराम से सुनंे और कानून का पूरी तरह पालन करें। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को इन आदेशों की अनुपालना पूर्ण रूप से सुनिश्चित बनाने को कहा गया है।

त्रिलोकपुर, कोटला, भड़वार और खजियां पहुंचने पर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। इन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोग मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए एकत्रित हुए थे। उन्होंने नूरपुर तक बड़ी संख्या में लोगों के पधारने के लिए जनता का आभार व्यक्त किया।

स्थानीय विधायक श्री राकेश पठानिया ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और नवनिर्मित विज्ञान खण्ड तथा गौ सदन के लोकार्पण के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने महत्वाकांक्षी फिनासिंह सिंचाई चैनल की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के किसानों की सिंचाई सम्बन्धी आवश्यकताएं पूरी होंगी।

सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री श्री रविन्द्र रवि, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री श्री रमेश धवाला, सांसद डा. राजन सुशांत, विधायक श्री देस राज, पूर्व सांसद तथा राज्य भाजपा उपाध्यक्ष श्री कृपाल परमार, पूर्व विधायक डा. हरबंस राणा, राज्य पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष श्री राजीव भारद्वाज, अध्यक्ष जिला कांगड़ा भारतीय जनता युवा मोर्चा श्री हिमांशु मिश्रा, उपायुक्त श्री आर.एस. गुप्ता, पुलिस अधीक्षक श्री दलजीत ठाकुर, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियन्ता श्री के.के. गुप्ता, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग मुख्य अभियन्ता श्री एम.एस. कंवर, अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति इस अवसर पर उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

Thanks For Your Visit

और नया पुराने