हिमाचल भाजपा में बगावत----असंतुष्ट भाजपाइयों का भ्रष्टाचार मुक्ति मोर्चा...

 शिमला ---हिमाचल में असंतुष्ट भाजपाइयों ने बुधवार को भ्रष्टाचार मुक्ति मोर्चा गठित कर अपनी ही सरकार को एक और बड़ा झटका दे दिया और साथ ही यह संकेत भी दिया कि आने वाले समय में बगावत और भड़कने वाली है। पूर्व भाजपा सांसद महेश्वर सिंह ठाकुर को नव गठित 'हिमाचल प्रदेश भ्रष्टाचार मुक्ति मोर्चा' का संयोजक बनाया गया है, जबकि पूर्व मंत्री राधारमण शास्त्री व वरिष्ठ भाजपा नेता श्यामा शर्मा सह संयोजक, परागपुर के पूर्व विधायक नवीन धीमान व कुलदीप ठाकुर सचिव, टिक्कू ठाकुर कोषाध्यक्ष और पूर्व मंत्री महेंद्र सोफत को मोर्चा का प्रवक्ता बनाया गया है। मोर्चा के पदाधिकारियों ने दोपहर को शिमला में पत्रकार वार्ता कर अपनी भावी रणनीति का खुलासा किया और कहा कि प्रदेश को भ्रष्टाचार से मुक्ति दिलाने के लिए उन्हें जो भी कीमत चुकानी पड़ेगी, वे तैयार हैं। महेश्वर सिंह ठाकुर का कहना था, ''यह तो अभी शुरूआत है। आगे देखिए क्या-क्या होता है। '' उन्होंने कहा कि प्रदेश में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार फैला है। इसका समय-समय पर खुलासा किया जाएगा। महेश्वर सिंह ने कहा कि भाजपा राष्ट्रीय स्तर पर भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ रही है। लालकृष्ण अडवाणी की रथयात्रा भी इसी उद्देश्य से चल रही है और यही भ्रष्टाचार मुक्ति मोर्चा का भी लक्ष्य है। माना जा रहा है कि असंतुष्ट भाजपाइयों ने मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल को घेरने के लिए सोच समझ कर रणनीति तैयार की है, जिसमें असंतुष्ट सत्तासीन मंत्रियों व विधायकों को पृष्ठभूमि में रखा गया है, जबकि पूर्व सांसद, मंत्रियों और विधायकों आदि को आगे किया गया है। संभवत: ऐसा पार्टी की ओर से किसी बड़ी अनुशासनात्मक कार्यवाही से बचने के लिए किया गया है ताकि सरकार को अंदर और बाहर दोनों ओर से घेरा जा सके।उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ दिनों से कांगड़ा, कुल्लू, सोलन और सिरमौर जिलों में शांता समर्थक भाजपाइयों के सरकार के खिलाफ एकजुट होने की खबरें आ रही थीं। उन्होंने पार्टी की बैठकों का अघोषित रूप से बहिष्कार कर रखा था। अब असंतुष्टों द्वारा 'हिमाचल प्रदेश भ्रष्टाचार मुक्ति मोर्चा' के गठन से निश्चित रूप से सरकार की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है।



BIJENDER SHARMA

हि‍माचल प्रदेश का समाचार पोर्टल

एक टिप्पणी भेजें

Thanks For Your Visit

और नया पुराने