हिमाचल कांग्रेस की कमान सुक्खू ने संभाल ली

विजयेंदर शर्मा
शिमला, । हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की कमान आज सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने संभाल ली। सुक्खू ने पार्टी कार्यालय शिमला में एक समारोह में पार्टी अध्यक्ष पद संभाला। इस मौके पर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह सहित पार्टी के लगभग सभी वरिष्ठ नेता मौजूद थे। समारोह में भारी संख्या में सुक्खू समर्थकों ने हिस्सा लिया।
सुखविंद्र सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष पद संभालने के मौके पर कहा कि वह पार्टी में मुख्य सेवक के रूप में काम करेंगे तथा तीन माह के अंदर पूरे प्रदेश का दौरा करेंगे। उन्होंने कहा कि उनका लक्ष्य 2014 के लोकसभा चुनाव और उपचुनाव हैं। उन्होंने सभी से एकजुट होकर पार्टी के लिए काम करने का आह्वान किया। सुखविंद्र सिंह ने समारोह में आए नेताओं व अन्य लोगों को तीन घंटे का इंतजार करवाया। पदभार ग्रहण समारोह के लिए लोगों को सुबह 11 बजे बुलाया गया था लेकिन सुखविंद्र सिंह दोपहर बाद करीब 2 बजे कांग्रेस कार्यालय पहुंचे।
इस अवसर पर सुखविंद्र सुक्खू ने उन्हें पार्टी अध्यक्ष बनाने के लिए पार्टी हाईकमान सोनिया गांधी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी व राहुल गांधी ने एक साधारण परिवार से संबंध रखने वाले को पार्टी की बागडोर सौंपी है। इससे पार्टी के सभी साधारण परिवार से संबंध रखने वाले उत्साहित होंगे। उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस व प्रदेश के आमजन की आवाज को सरकार से उठाएंगे। पार्टी में सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की भावना का सम्मान किया जाएगा तथा पार्टी व संगठन मिलकर काम करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व पार्टी के सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि वह पार्टी की मजबूती के लिए काम करेंगे।
इस अवसर पर सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस के नवनियुक्त अध्यक्ष युवा हैं और उन्हें अग्रणी संगठनों का पूरा तजुर्बा है। उन्होंने उम्मीद जताई की वह युवाओं को संगठन से जोड़ कर संगठन को मजबूत करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने प्रदेश की बागडोर छठी बार संभाली है अभी देखिए आगे क्या होता है। इससे पूरा पंडाल हंसी के ठहाकों से गूंज उठा।
स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने सुखविंद्र सिंह को पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। उन्होंने उम्मीद जताई की वह गुटबाजी से उठकर पार्टी को मतबूत करने के लिए काम करेंगे। वहीं पूर्व अध्यक्ष विप्लव ठाकुर ने उम्मीद जताई की वह सभी को साथ लेकर चलेंगे। पूर्व अध्यक्ष कुलदीप कुमार ने कहा कि नवनियुक्त अध्यक्ष जिला हमीरपुर से संबंध रखते हैं जो पूर्व मुख्यमंत्री का गृह जिला है।
उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस भाजपा का हमीरपुर से भी सूपड़ा साफ करेगी। सम्मान समारोह के दौरान जब नवनियुक्त अध्यक्ष को सम्मानित करने के लिए बुलाया गया तो सुखविंद्र सिंह ने पहले पार्टी के वरिष्ठ नेताओं सहित पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों को सम्मानित किया। इस अवसर पर कांग्रेस के हिमाचल प्रभारी तथा एआईसीसी महासचिव चौधरी बिरेंद्र सिंह, एआईसीसी सचिव अनीस अहमद, मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स, स्वास्थ्य मंत्री कौल सिंह ठाकुर, परिवहन मंत्री जीएस बाली, उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री, शहरी विकास मंत्री सुधीर शर्मा, सीपीएस नीरज भारती, राजेश धर्माणी, कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप कुमार, विप्लव ठाकुर सहित विधायक, पूर्व विधायक, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, कांग्रेस के अग्रणी संगठनों के पदाधिकारी, जिला व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सदस्य तथा कार्यकर्ता उपस्थित थे।








BIJENDER SHARMA

हि‍माचल प्रदेश का समाचार पोर्टल

एक टिप्पणी भेजें

Thanks For Your Visit

और नया पुराने