कांगड़ा में 45वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शुभारम्भ


मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज कांगड़ा में हिमाचल प्रदेश बास्केट बॉल एसोशिएसन द्वारा आयोजित लड़कों तथा लड़कियों की 45वीं राष्ट्रीय सब-जूनियर बास्केटबॉल प्रतियोगिता का शुभारम्भ करते हुए कहा कि क्षेत्र में विभिन्न खेलों के लिए उत्कृष्ट खेल अधोसंरचना सुनिश्चित करने के लिए कांगड़ा में इण्डोर स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों में खेल अधोसंरचना का सृजन किया जाएगा, ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल सके।
राज्य में इस प्रतियोगिता के आयोजन के लिए राज्य बास्केटबॉल एसोशिएसन के प्रयासों की सराहना करते हुए जय राम ठाकुर ने कहा कि इस प्रतियोगिता में 600 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार बड़े पैमाने पर खेल गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि बास्केटबॉल देश तथा राज्य में काफी लोकप्रिय खेल है। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं युवा प्रतिभाओं को अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करने का अवसर प्रदान करती है ताकि वे राष्ट्रीय तथा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्टता हासिल कर सके। 
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य ने राष्ट्रीय तथा अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई है। उन्होंने कहा कि सर्वोच्च स्तर पर अपने प्रदर्शन से राज्य के अनेक युवाओं ने प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि नशीले पदार्थों का दुरूपयोग हम सबके लिए चिन्ता का कारण है। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियां न केवल युवाओं को उनकी उर्जा को सकारात्मक गतिविधियों में लगाने में मदद करती है, बल्कि युवाओं को इस सामाजिक बुराई से 
दूर रखने में भी सहायक बनती है। उन्होंने इस सामाजिक बुराई को जड़ से समाप्त करने के लिए युवाओं, चुने हुए प्रतिनिधियों तथा स्वयं सेवी संस्थाओं से आग्रह किया है ताकि इस सामाजिक बुराई से समाज को बचाया जा सके।
जय राम ठाकुर ने कहा कि लोगों को सुविधा प्रदान करने के लिए संयुक्त कार्यालय भवन (मिनी सचिवालय) कांगड़ा में लिफ्ट का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा के लिए लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह कांगड़ा का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने मौजूदा बास्केटबॉल स्टेडियम कांगड़ा के जीर्णोद्धार तथा प्रतियोगिता के आयोजन के लिए पांच-पांच लाख रुपये की घोषणा की।
स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश न केवल विकास, बल्कि उत्कृष्ट खिलाड़ी तैयार करने के मामले में देश में मुख्य राज्य के रूप में उभरने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए राज्य सरकार ने अनेक योजनाएं शुरू की हैं। 
BIJENDER SHARMA

हि‍माचल प्रदेश का समाचार पोर्टल

एक टिप्पणी भेजें

Thanks For Your Visit

और नया पुराने