केंद्रीय विश्वविद्यालय पिछले कई सालों से लटका हुआ

    धर्मशाला, , 04  सितंबर (विजयेन्दर शर्मा)  । जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता नरदेव कंवर ने कहा कि   केंद्रीय विश्वविद्यालय पिछले कई सालों से लटका हुआ है। डबल इंजन की सरकार होने के बावजूद क्यों धरातल पर नहीं आ रही है, जबकि युवाओं को उच्चतर शिक्षा प्राप्त करने के लिए दूसरे राज्य में धक्के खाने पड़ रहे हैं। देहरा को जिला बनाने की मांग पर क्यों देहरा ज्वालामुखी, परागपुर के  नेता चुप्पी लेकर बैठे हुए हैं, उनको जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे आना चाहिए।

उन्होंने कहा कि वह देहरा को जिला बनाने और देहरा में केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाने के पक्षधर हैं और जनता के साथ हैं। जहां संघर्ष करना होगा वह करेंगे। छोटे जिले बनने से निश्चित तौर पर विकास में वृद्धि होती है। लोगों को हर सुविधा घर के नजदीक प्राप्त होती है और क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए देहरा का जिला बनना समय की मांग है। लेकिन कई राजनीतिज्ञ नहीं चाहते कि देहरा जिला बने, देहरा में केंद्रीय विश्वविद्यालय बने, क्योंकि हर बार वे चुनावों में इन्हीं मुद्दों पर जनता से वोट हासिल करते हैं और फिर नजर नहीं आते हैं जब संघर्ष का समय होता है तो वह गायब हो जाते हैं। जनता को ऐसे लोगों की खिलाफत करनी चाहिए और सामने आने पर उनके खिलाफ आवाज बुलंद करनी चाहिए।

पेट्रोल, डीजल घरेलू गैस सिलेंडर राशन फल सब्जियों की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी से भाजपा का चेहरा बेनकाब हो गया है। सरकार केंद्र की हो चाहे प्रदेश की हो, दोनों ही सरकारें महंगाई भ्रष्टाचार और बेरोजगारी को रोकने में बुरी तरह से फ्लाप हो गई हैं और जनता का इन दोनों सरकारों से मोहभंग हो गया है। गृहिणी सुविधा योजना के नाम पर मुफ्त में सिलेंडर बांटने वालों से पूछा जाना चाहिए कि आज गरीब 1000 रुपये का सिलेंडर कैसे खरीद पाएगा।

उन्होंने कहा कि बेरोजगारों को रोजगार देने के वादे करके सत्ता में लौटे भाजपाई कितने लोगों को रोजगार दे चुके हैं। आज देश में भ्रष्टाचार महंगाई बेरोजगारी चरम सीमा पर है। महिलाओं की रसोई की गैस भी इस सरकार ने इस कदर महंगी कर दी है कि लोगों के घरों का बजट ही बिगड़ गया है। कोरोना संकटकाल में वैसे ही लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। लोगों की आर्थिक दशा खराब हो गई है। ऊपर से इस कदर महंगाई ने आम आदमी का जीवन दूभर कर दिया है। राशन को आग लगी है, सब्जी फल आम आदमी की पहुंच से बाहर हो गया है। कानून व्यवस्था से लोगों का विश्वास उठ गया है। ऐसी सरकार को लोग अब एक दिन भी झेलने के लिए तैयार नहीं हैं।



BIJENDER SHARMA

हि‍माचल प्रदेश का समाचार पोर्टल

एक टिप्पणी भेजें

Thanks For Your Visit

और नया पुराने