लुथान गौ अभ्यारण्य के निर्माण में करोड़ों का गोलमाल संजय रतन

लुथान गौ अभ्यारण्य के निर्माण में करोड़ों का गोलमाल  संजय रतन
  धर्मशाला 22  जनवरी ( विजयेन्दर शर्मा) इलाके में अवारा पशुओं की समस्या से निजात दिलाने के लिये प्रदेश सरकार ने कांगडा जिला के ज्वालामुखी के पास लुथान में गौ अभ्यारण्य बनाया है। यहां आसपास के इलाके की करीब एक हजार गायों को रखने की क्षमता है। प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने इसका उद्घाटन किया है। कांगडा व हमीरपुर जिला की सीमा पर बने इस गौ अभ्यारण्य को लेकर जहां सत्तारूढ दल अपनी पीठ थपथपा रहा है। वहीं विपक्षी दल कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि इसके निर्माण में भ्रष्टाचार हुआ है। व सीएम जय राम ठाकुर को वास्तुस्थिती का पता  न चले इसी वजह से उद्घाटन वर्चुअल माध्यम से कराया गया।
ज्वालामुखी के पूर्व विधायक संजय रतन ने आरोप लगाया कि स्थानीय प्रशासन एवं विधायक की शह पर इसके निर्माण में करोड़ों रुपए की धांधली की गई है।  इसके निर्माण में 4 करोड़ की लागत आने का दावा किया जा रहा है। लेकिन धरातल में ऐसा नहीं है। अपने आपको गौ रक्षा का दावा करने वाले लोग ही भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक के चहेतों को इसके निर्माण के लिये ठेका दिया गया। जिसमें बडे पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। नियम कायदों को दरकिनार कर इस गौ अभ्यारण्य के निर्माण में जहां करोड़ों रुपए खर्च होने के दावे किये जा रहे हैं। वह झूठे है। असल में वहां मात्र बजट का एक तिहाई ही खर्च हुआ है जो कि साफतौर पर दिख रहा है। उन्होंने इसके निर्माण की विजिलैंस जांच की मांग करते हुये कहा कि अगर मुख्यमंत्री स्वयं आकर इसका उद्घाटन करते तो उन्हें भी पता चल जाता कि इस इसके निर्माण में भ्रष्टाचार हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द से जल्द इसके निर्माण की जांच करवाकर दोषी अधिकारियों को दंडित करे।
संजय रत्न ने दावा किया कि यहां गौ माता की देखभाल के लिये उचित प्रबंध नहीं है। जिससे यहां प्रतिदिन 10-15 बेसहारा पशु मर रहे हैं, जिनकी सुध लेने वाला कोई नहीं है। तथा मृत पशुओं को परिसर के अंदर ही दफनाया जा रहा है। उन्होंने दफनाए हुए पशुओं से बीमारी फैलने का अंदेशा जताते हुए कहा कि इसका सीधा असर वहां की आम जनता पर पड़ेगा। व आने वाले दिनों में महामारी फैल सकती है। संजय रतन ने कहा कि ज्वालामुखी में अवारा प्शुओं की समस्या जस की तस है। हालांकि इसके बनने के बाद अवारा पशुओं की समस्या खत्म होनी चाहिये थी। 
BIJENDER SHARMA

हि‍माचल प्रदेश का समाचार पोर्टल

एक टिप्पणी भेजें

Thanks For Your Visit

और नया पुराने