हमीरपुर 10 जून ( विजयेन्दर शर्मा ) । प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने शुक्रवार को हमीरपुर के परिधि गृह में मीडिया से रू-ब-रू होते हुए स्पष्ट किया कि कांग्रेस में टिकट व्यक्ति विशेष की सिफारिश पर नहीं दी जाती हैं। कांग्रेस का अपना संविधान है, जिसके आधार पर आलाकमान टिकट सुनिश्चित करती हैं।
एक सवाल की प्रचार कमेटी के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू को धूमल व उनके करीबियों की इतनी चिंता क्यों है के जवाब में प्रदेश अध्यक्ष ने साफ किया कि यह उनका व्यक्तिगत मत हो सकता है। मुख्यमंत्री जयराम के संवाद दिल्ली व हिमाचल में मां-बेटे के राज के सवाल पर प्रतिभा ने कहा कि भाजपा में ऊपर से नीचे तक किन-किन का क्या है, यह जनता भी जानती है और भाजपा भी समझती है।
उन्होंने कहा कि आने वाले विस चुनाव का मुख्य मुद्दा विकास, महंगाई व बेरोजगारी रहेगा। इसी मुद्दे को लेकर कांग्रेस उपचुनाव में उतरी व जीती और अब भी इसी मुद्दे के दम पर कांग्रेस लगभग 45 सीटों पर विजय परचम लहराएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भूली नहीं है कि स्व. वीरभद्र सिंह ने प्रदेश को किस तरह संजो व संवार कर विकसित किया है। उन्होंने कहा कि जिले के लिए सबसे बड़ी पानी की योजना कांग्रेस की देन है। जबकि एक्स सर्विसमैन कॉर्पोरेशन का गठन भी कांग्रेस ने ही किया है।