चंबा में बड़ा हादसा: कालाबन के पास खाई में गिरी गाड़ी, 8 लोग लापता; मुख्यमंत्री ने जताया दुख

चंबा में बड़ा हादसा: कालाबन के पास खाई में गिरी गाड़ी, 8 लोग लापता; मुख्यमंत्री ने जताया दुख

चंबा, 31 मई। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के उपमंडल चुराह में चंबा-किलाड़ मार्ग पर कालाबन और सतरूंडी के बीच एक वाहन गहरी खाई में गिर गया। वाहन में सवार सभी 8 लोगों के लापता होने की आशंका है। प्रशासन और पुलिस की ओर से राहत एवं बचाव अभियान जारी है, हालांकि दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और मोबाइल नेटवर्क की अनुपलब्धता के कारण अभियान में भारी चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन में सवार आठ लोग बीते शुक्रवार को सचे जोत की ओर रवाना हुए थे। इनमें से सात लोग बाहरी राज्यों के बताए जा रहे हैं। देर रात तक वाहन के वापस न लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। जब पांगी पुलिस चौकी से संपर्क किया गया तो पता चला कि वाहन निर्धारित क्षेत्र तक पहुंचा ही नहीं था। इसके बाद बैरागढ़ पुलिस ने शनिवार सुबह तलाशी अभियान शुरू किया।

सर्च ऑपरेशन के दौरान कालाबन क्षेत्र में वाहन के कुछ अवशेष दिखाई दिए। स्थानीय लोगों और पुलिस ने जब नीचे गहरी खाई में तलाश की तो एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त अवस्था में पड़ा मिला। दुर्घटना स्थल बेहद दुर्गम क्षेत्र में स्थित है, जहां पहुंचने के लिए कोई सीधा रास्ता उपलब्ध नहीं है। साथ ही मोबाइल नेटवर्क न होने से राहत एवं बचाव कार्यों में अतिरिक्त कठिनाइयां आ रही हैं।

अंधेरा होने और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों के चलते शनिवार शाम को सर्च ऑपरेशन अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। प्रशासन के अनुसार रविवार सुबह बचाव दल दोबारा घटनास्थल के लिए रवाना हुआ है। राहत कार्य आगे बढ़ने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि हादसे में कितने लोग हताहत हुए हैं तथा किसी के जीवित होने की संभावना है या नहीं।

चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि स्थानीय लोगों और बचाव दलों की सहायता से अभियान जारी रखा जाएगा।

इस बीच हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री Sukhvinder Singh Sukhu ने सोशल मीडिया पर हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चंबा जिले के कालाबन और सतरूंडी के बीच 8 लोगों को लेकर जा रहा वाहन गहरी खाई में गिरने का समाचार अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और नो-नेटवर्क क्षेत्र होने के बावजूद स्थानीय प्रशासन, बचाव दल और ग्रामीणों के समन्वित प्रयासों से राहत एवं बचाव अभियान पूरी तत्परता के साथ चलाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से सभी लोगों के सकुशल होने की प्रार्थना की है।

फिलहाल पूरे प्रदेश की नजरें राहत एवं बचाव अभियान पर टिकी हैं और सभी को लापता लोगों के सुरक्षित मिलने की उम्मीद है।


Bijender Sharma*, Press Correspondent Bohan Dehra Road  JAWALAMUKHI-176031, Kangra HP(INDIA)*
  8219437658 Mobile
whatsaap  9805617366




BIJENDER SHARMA

हि‍माचल प्रदेश का समाचार पोर्टल

एक टिप्पणी भेजें

Thanks For Your Visit

और नया पुराने