वन संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएं: धूमल

वन संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाएं: धूमल
शिमला, 22 अगस्त (विजयेनदर शर्मा)। मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा
कि हमीरपुर जिले के सुजानपुर क्षेत्र में विलो एवं चन्दन पौधरोपण को
प्रोत्साहित किया जाएगा और इस वित्त वर्ष में 60 हजार चन्दन के पौधे
रोपित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री आज हमीरपुर जिले के चबूतरा में एक विशाल
जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। इससे पूर्व, उन्होंने चबूतरा में 20 लाख
रुपये की लागत से नवनिर्मित वन विश्राम गृह तथा कुठेडा में 43 लाख रुपये
की लागत से निर्मित प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का लोकार्पण किया।
उन्होंने पौधरोपण कर 63वें जि़ला स्तरीय वन महोत्सव का शुभारम्भ भी किया।
उन्होंने कहा कि विलो की लकड़ी से क्रिकेट के बैट बनाए जाते हैं। इसके
पौध रोपण से ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिकी में परिवर्तन आएगा और क्षेत्र
के पर्यावरण का संरक्षण सुनिश्चित होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वन
महोत्सव मात्र औपचारिकता न बनकर जन अभियान बनने चाहिएं। बहुमूल्य वन
सम्पदा के संरक्षण में सभी को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। वनों के माध्यम
से लोगों को प्रति वर्ष प्रत्यक्ष एंव अप्रत्यक्ष रूप से 1100 करोड़
रुपये के लाभ प्राप्त हो रहे हैं। गत एक दशक में राज्य के वन क्षेत्र में
11 किलोमीटर की बढ़ौतरी हुई है, जबकि देश में वन क्षेत्र घटा है। वन
हिमालयी क्षेत्र के पर्यावरण के संरक्षण के लिए उत्तरदायी हैं और वन
वैश्विक उष्मीकरण तथा मौसम बदलाव पर रोक लगाते हैं। उन्होंने रोपे गए
पौधों की सुरक्षा पर ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया ताकि ये वन
क्षेत्र को बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो सकें। धूमल ने वानरों एवं अन्य
जंगली जानवरों के कारण उत्पन्न समस्या के संबंध में कहा कि राज्य वन
विभाग ने प्रदेश के चार बन्धयकरण केन्द्रों में 53 हजार वानरों की
नसबन्दी की है। राज्य के विभिन्न भागों में 21 और ऐसे केन्द्र खोले जाने
प्रस्तावित हैं। उन्होंने कहा कि आवारा एवं जंगली जानवरों के कारण भी
फसलों एवं पर्यावरण को नुक्सान पहुंच रहा है। उन्होंने वनों में फलों के
पौधे लगाने पर बल दिया ताकि वानरों को प्राकृतिक वातावरण मेंं भोजन
उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि वन सरोवर योजना का उद्ेश्य तालाबों का
निर्माण कर स्थानीय लोगों और पशुओं की आवश्यकताएं पूरी करना है। उन्होंने
कहा कि अभी तक 148 वन सरोवर निर्मित किए जा चुके हैं तथा इस वित्त वर्ष
में 100 और वन सरोवर निर्मित किए जाने प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री ने
कहा कि राज्य सरकार ने न केवल बन्द पड़ी 393 आरा मशीनों को पुन: आरम्भ
किया बल्कि खैर की लकड़ी की ब्रिकी पर लगी पाबन्दी को भी हटाया ताकि आय
सृजन गतिविधियों में बढ़ौतरी हो सके। पिछली सरकार ने खैर की लकड़ी की
बिक्री पर पाबन्दी लगा दी थी, जिससे उत्पादकों को नुक्सान हो रहा था।
उन्होंने कहा कि बिरोजा के दाम बढ़ाकर 7 हजार रुपये प्रति क्विंटल कर दिए
गए हैं ताकि किसानों को अतिरिक्त आय हो सके। कांग्रेस घास हटाओ-पर्यावरण
बचाओ योजना के माध्यम से कृषि योग्य भूमि को पुन: प्राप्त करने में
सहायता मिली है। उन्होंने वनों से चीड़ की पत्तियां एकत्रित करने को
अभियान बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। इससे न केवल वन सम्पदा को आग से
बचाया जा सकेगा अपितु इनके अच्छे दाम भी मिलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश
में अब एक साथ तीन वर्ष के लिए चारागाह परमिट दिए जा रहे हैं। धूमल ने
कहा कि वर्तमान कार्यकाल में राज्य सरकार ने सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र
में रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध करवाए हैं तथा सरकारी क्षेत्र में 40
हजार एवं निजी क्षेत्र में 70 हजार से अधिक युवाओं की भर्ती की गई है।
वर्तमान कार्यकाल में प्रदेश सरकार की उपलब्धियां अभूतपूर्व रही हैं
जिन्हें लोगों तक पहुंचाया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष
वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त हुई सडक़ों की प्राथमिकता के आधार पर मुरम्मत
की जाएगी। उन्होंने गत साढ़े चार वर्षों में आम आदमी के हित के लिए
कार्यान्वित की गई विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। स्थानीय
विधायक श्रीमती उर्मिल ठाकुर ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा क्षेत्र
में हुए विकास के लिए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जि़ले में
खोले गए उच्च शिक्षण संस्थानों से युवाओं को उनके घरद्वार के समीप शिक्षा
के अवसर मिले हैं। उन्होंने कहा कि धौला सिद्ध जल विद्युत परियोजना जिले
के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने अपने विधानसभा क्षेत्र की सभी
पंचायतों को वाहन योग्य सडक़ के साथ जोडऩे के लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने 100 हैंडपम्प, विभिन्न सम्पर्क मार्गों के लिए धन तथा लोगों को
पेयजल एंव सिंचाई योजनाएं उपलब्ध करवाने के लिए आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने उनकी सभी विधायक प्राथमिकता योजनाओं को
स्वीकृत किया है। हमीरपुर जिला भाजपा अध्यक्ष श्री देश राज शर्मा ने
वर्तमान कार्यकाल में समाज के सभी वर्गों को लाभान्वित करने के लिए
मुख्यमंत्री को बधाई दी। उन्होंने हमीरपुर जि़ले में एक निजी
विश्वविद्यालय के साथ-साथ अन्य संस्थान खोलने के लिए मुख्यमंत्री का आभार
व्यक्त किया। भाजपा मण्डल सुजानपुर के महासचिव श्री वीरेन्द्र ठाकुर ने
मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा विधान सभा क्षेत्र में हुए रिकार्ड विकास
के लिए उनका आभार व्यक्त किया। प्रधान मुख्य अरण्यपाल श्री आर.के. गुप्ता
ने नवनिर्मित विश्राम गृह के लोकार्पण तथा जि़ले में पौधरोपण अभियान का
शुभारम्भ करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने पौधरोपण
अभियान को जन अभियान बनाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जीवन
के लिए वन आवश्यक हैं और बढ़ती जनसंख्या के कारण वनों पर दबाव बढ़ता जा
रहा है। प्रदेश के वन क्षेत्र में 11 किलोमीटर की बढ़ौतरी हुई है। इसमें
से दो किलोमीटर की बढ़ौतरी हमीरपुर जि़ले में हुई है। उन्होंने कहा कि
प्रदेश में 20 हजार हैक्टेयर भूमि पर पौधरोपण करने के लिए प्रति वर्ष 35
करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं। इसमें से दो करोड़ रुपये हमीरपुर जि़ले
में खर्च किया जाना प्रस्तावित है। उन्होंने वन विभाग की गतिविधियों की
विस्तृत जानकारी दी। ग्राम पंचायत चबूतरा के प्रधान श्री अमर सिंह ने
मुख्यमंत्री का स्वागत किया। उन्होंने मुख्यमंत्री का गत साढ़े चार
वर्षों में पंचायत में हुए विकास के लिए आभार व्यक्त किया तथा उन्हें
पंचायत की मागों से अवगत करवाया। कृषि विपणन समिति के अध्यक्ष एवं भाजपा
किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष श्री प्यारे लाल शर्मा, कांगड़ा केन्द्रीय
सहकारी बैंक के अध्यक्ष श्री आर.एस.मनकोटिया, जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती
सरला शर्मा, भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री नरेन्द्र
अत्री, भाजपा राज्य कार्यकारिणी समिति की सदस्य श्रीमती वीना शर्मा, जिला
भाजपा महासचिव श्री राकेश ठाकुर, राज्य मीडिया सलाहकार समिति के सदस्य
श्री विजय पाल सोहारू, उपायुक्त श्री राजेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री
मधुसूदन शर्मा, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियन्ता श्री बी.टी.नेगी, वन
विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा क्षेत्र के अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर
पर उपस्थित थे।
BIJENDER SHARMA

हि‍माचल प्रदेश का समाचार पोर्टल

एक टिप्पणी भेजें

Thanks For Your Visit

और नया पुराने